बालोतरा नगर में रविवार रात एक मोहल्ले में मीट की कथित दुकान से गुस्साए लोगों ने सामान सड़क पर लाकर जला दिया। वही विरोध करते हुए सड़क पर जाम लगाया। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने समझाइश कर हटाया। पुलिस ने मीट की दुकान होने से इनकार करते हुए इसे भूखंड को लेकर विवाद होना बताया है।जानकारी के अनुसार नगर के समदड़ी रोड पानी टंकी के समीप एक मोहल्ले में मीट की दुकान लगे होने की जानकारी पर कुछ लोग एकत्रित हुए। मोहल्ले में दुकान लगने को लेकर विरोध जताया। गुस्साए लोगों ने यहां रखे सामान को सड़क पर लाकर जला दिया। वहीं सड़क पर प्रदर्शन करने लगे। इस दौरान विजय चौधरी व अन्य ने विरोध जताया। मामले को देखते हुए उप निरीक्षक राजूराम सहित पुलिस के जवान यहां पहुंचे। कुछ समय बाद ही थानाधिकारी उगमराज सोनी व पुलिस उप अधीक्षक नीरज शर्मा पहुंची। पुलिस ने समझाइश की तथा मामले में एक जने को पूछताछ के लिए थाना ले गई।
लग गया जाम
रास्ता जाम करने के कारण आवाजाही रुक गई। बड़ी संख्या में वाहन चालक दोनों तरफ इंतजार करते दिखे। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची तो लोगों ने यहां पर मीट की दुकान होने की जानकारी दी। बाद में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यहां पर मीट की कोई दुकान नहीं थी। भूखंड विवाद का मामला है।
मीट की कोई दुकान नहीं थी
घटना की जानकारी पर तुरंत पुलिस मौके पर पहुंची। यहां मीट की कोई दुकान नहीं थी। निर्माण कारीगरों ने मीट बनाया था। भूखंड को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद को लेकर मामला था।
-राजूराम, उप निरीक्षक
समझाइश कर लोगों को हटाया
जानकारी पर स्वयं व पुलिस मौके पर पहुंची। समझाइश कर लोगों को हटाया। पूछताछ को लेकर एक जने को थाना लाया गया है।
-नीरज शर्मा, पुलिस उप अधीक्षक बालोतरा
Source: Barmer News