बालोतरा (बाड़मेर). नगर के उप कारागृह का बुधवार को उपखंड व पुलिस प्रशासन ने आकस्मिक निरीक्षण किया। करीब दो घंटे से अधिक चले निरीक्षण में उप कारागृह में छुपाए गए चार मोबाइल, नशा की सामग्री मिली। इस पर टीम ने रिपोर्ट तैयार कर जेल उच्चाधिकारियों को भिजवाई। निरीक्षण में बड़ी मात्रा में मिले मोबाइल पर जेल के सुरक्षा व्यवस्था के बंदोबस्त की एक बार फिर से पोल खुल गई है।
बुधवार सुबह करीब 11 बजे उपखंड अधिकारी रोहित कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरपतसिंह, बालोतरा थानाधिकारी निरंजनप्रताप सिंह उप कारागृह पहुंचे। जेलर गंगाराम विश्नोई से उप कारागृह का गेट खोलने को कहा। इसके बाद एक-एक बैरक का निरीक्षण किया। कैदियों के बिस्तर, कंबल व कपड़ों से बारिकी से निरीक्षण किया। करीब दो घंटे से अधिक समय तक चली कार्रवाई में टीम ने डिब्बों, एकत्रित कचरे, जूतों में छुपाकर रखे गए 4 मोबाइल सहित एक सिम, एक कार्डरीडर, एक चार्जर व दो इयरफोन को पकड़ा। इसके अलावा तंबाकू, सिगरेट आदि को जब्त किया। जेलर को व्यवस्था सुधार के निर्देश दिए।
चार मोबाइल, एक सिम मिली- उप कारागृह में नियमित निरीक्षण किया। इसमें चार मोबाइल व अन्य वस्तुएं मिली। इस पर रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजेंगे। व्यवस्था सुधार के आवश्यक निर्देश दिए।- रोहित कुमार, उपखंड अधिकारी बालोतरा
Source: Barmer News