Posted on

इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) अब सड़कों पर रफ्तार पकडऩे लगे है। देखा जाए तो पिछले दो-तीन सालों में बिक्री का आंकड़ा दोगुने तक पहुंच रहा है। साल-दर-साल बिक्री की नई ऊंचाइयों की ओर ईवी बढ़ता जा रहा है। विशेष रूप से टू-व्हीलर मार्केट में ईवी स्थापित होने की ओर अग्रसर है।

वाहनों की भीड़ में अब बड़े के साथ छोटे शहरों में ईवी की चमक नजर आ रही है। शहर की सड़कों पर आसानी से ईवी दौड़ते दिखते हैं। जबकि कुछ सालों पहले तक एक-दो ईवी नजर आते थे। अब तो यातायात में दुपहिया के साथ तीन पहिया और कारें भी दिख जाती है। बाड़मेर में भी ईवी का क्रेज बढ़ रहा है।
टू-व्हीलर खरीदने वाले अब ईवी पर भी विचार करने लगे है। दुपहिया वाहन लेने से पहले एक बार ईवी के शोरूम में जाकर भी देखने लगे है। इससे ईवी शो-रूम में भी अब ग्राहक बढ़े है। वहीं कई लोग ऑनलाइन बुकिंग करवाकर भी ईवी ले रहे हैं। दुपहिया वाहन में ईवी अपनी पैठ बनाने में कामयाब होता जा रहा है।

चार्जिंग स्टेशन बने तो बढ़ेगा ईवी
अभी छोटे शहरों में ईवी चार्जिंग स्टेशन नहीं है। इसलिए घर से निकलते वक्त ईवी की चार्जिंग चैक करके निकलना पड़ता है। कितनी दूरी तक जाना है, यह पहले ही देखना होता है। शहर में चार्जिंग स्टेशन बनने पर ईवी लोगों के लिए और भी उपयोगी बन सकेगा और बिक्री भी तेजी से बढ़ेगी।
बाड़मेर में बिक्री बढऩे की रफ्तार दोगुनी
परिवहन विभाग बाड़मेर के आंकड़े बता रहे हैं ईवी दुपहिया वाहनों का पंजीयन लगातार बढ़ता जा रहा है। देखा जाए तो साल 2023 में जून महीने तक 185 दुपहिया रजिस्ट्रेशन हुआ है। अभी तो छह महीने पूरे बाकी है। जिसमें नवरात्र और दीपावली पर बिक्री बूम पर रहेगी।

अब तीन पहिया भी आने लगे नजर
शहरों में इलेक्ट्रिक ऑटो दौडऩे लगे है। पहले लोडिंग नजर आते थे, अब पैसेंजर भी बढ़ रहे हैं। तीन पहिया ईवी बढऩे से यात्रियों को यह फायदा होगा कि शहरी परिवहन का किराया कुछ कम हो जाएगा। डीजल-पेट्रोल की बजाय ईवी काफी किफायती है। ऐसे में किराए में लोगों को राहत मिलेगी।

पेट्रोल के झंझट से मुक्ति है ईवी
रोजाना पेट्रोल भरवाने के झंझट से ईवी मुक्ति प्रदान करता है। घर पर ही चार्ज हो जाता है। जबकि दुपहिया वाहन लेते ही सबसे पहले जेब ढीली हो जाती है और पेट्रोल भरवाना पड़ता है। सिटी राइड में ईवी दुपहिया वाहन में अब बेहतर विकल्प बनता जा रहा है। बुजुर्गों और युवाओं को भी ईवी पसंद आ रहा है।

आंकड़े बता रहे बिक्री की रफ्तार

…..2023 ……2022

जनवरी : 35 …..03

फरवरी : 34 …..18

मार्च : 32 …..12

अप्रेल : 17 …..25

मई : 44 …..06

जून : 23 …..06

(परिवहन विभाग बाड़मेर में पंजीकृत ईवी)

Source: Barmer News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *