Posted on

बाड़मेर . लॉकडाउन के कारण अन्य राज्यों में फंसे राज्य के प्रवासियों की वापसी जारी है। बुधवार को जिले में 6 राज्यों से कुल 327 श्रमिकों एवं प्रवासियों का आगमन हुआ। इससे पहले मंगलवार को 271 प्रवासी बाड़मेर पहुंचे थे। बाड़मेर के अन्य राज्यों में करीब 55 हजार प्रवासी फंसे हुए है।
जिला कलक्टर विश्राम मीणा ने बताया कि जिले में बुधवार को गुजरात, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश एवं दिल्ली से राज्य के प्रवासियों एवं श्रमिकों को जिले कि सीमा में प्रवेश दिया गया है। उन्होंने बताया कि जिले में बुधवार को गुजरात से 268, महाराष्ट्र से 24, मध्यप्रदेश से 29, उत्तर प्रदेश से 3, आंध्र प्रदेश से 2 तथा दिल्ली से 1 को सहित कुल 327 प्रवासियों को सरकारी एवं निजी वाहन से जिले में प्रवेश की अनुमति दी गई है।
सभी को होम क्वारेंटाइन रहना होगा
आने वाले सभी आगंतुकों की चेक पोस्ट पर सघन स्क्रीनिंग के बाद उन्हें 14 दिन के लिए होम क्वारंटाइन की हिदायत दी गई है। जिले में पिछले 2 दिनों में कुल 598 प्रवासियों का आगमन हुआ है।
बाड़मेर से 605 बाहरी श्रमिक गए अपने घर
कलक्टर के अनुसार जिले में अन्य राज्यों के प्रवासियों को सरकारी एवं निजी वाहनों से भेजा भी जा रहा है। जिले से बुधवार को मध्यप्रदेश के लिए 591, उत्तर प्रदेश के लिए 11 एवं महाराष्ट्र के लिए 3 को मिलाकर कुल 605 श्रमिकों को जिले की सीमा से प्रस्थान करवाया गया है।

Source: Barmer News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *