जोधपुर. जनसंख्या नियंत्रण कानून लागू करने की मांग को लेकर सोमवार को जनसंख्या समाधान फाउण्डेशन जोधपुर की ओर से भारत माता यात्रा रैली का आयोजन किया गया। पाल डीपीएस सर्कल स्थित विनायक मंदिर के पास संतों के सान्निध्य में आयोजित सभा को हिंदू संगठनों के प्रतिनिधियों ने संबोधित किया। संयोजक वीरेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि जनसंख्या समाधान फाउंडेशन के तत्वावधान में संपूर्ण भारत में जन जागरण के लिए भारत माता यात्रा का प्रमुख उद्देश्य भारत सरकार की ओर से जनसंख्या नियंत्रण पर कठोर कानून बनाए जाने की प्रमुख मांग है। जोधपुर में भारत माता यात्रा सारण नगर से शुरू होकर शहर के प्रमुख मुख्य मार्गो से होते हुए विनायक मंदिर डीपीएस सर्किल पाल पहुंचने पर पुष्प बरसा कर स्वागत किया गया। सभा में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक इन्द्रेश कुमार ने कहा कि अब समय आ गया है कि एक देश में सभी नागरिकों के लिए एक जैसा कानून हो।जनसंख्या फाउण्डेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल कुमार चौधरी ने कहा कि जनसंख्या नियंत्रण कानून के अभाव में कई राज्यों में हिन्दू लगातार अल्पसंख्यक होते जा रहे है जो गंभीर चिंता का विषय है। प्रदेश अध्यक्ष नारायण चौधरी, प्रतापपुरी, परशुराम गिरि, संत रामविचार, पूर्व विधायक जोगाराम पटेल, बाबूसिंह राठौड़, कैलाश भंसाली, परीक्षित सिंह चाम्पावत, घनश्याम ओझा, किशन लढ्ढा, जगतनारायण जोशी सहित बड़ी संख्या में हिन्दू संगठनों के कार्यकर्ता सभा में मौजूद रहे।
पहले रोका, फिर दी अनुमति
भारत माता यात्रा के दौरान जालोरी गेट चौराहा पर ऐहितयात के तौर पर भारी पुलिस जाब्ता तैनात रहा ।सारण नगर से रवाना हुई भारत माता रैली जब जालोरी गेट चौराहा पर पहुंची तो रैली में शामिल कुछ पदाधिकारियों ने स्वतंत्रता सेनानी बालमुकुंद बिस्सा की मूर्ति पर माल्यार्पण करना चाहा लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया ।गत माह पूर्व के विवाद के मद्देनजर पुलिस ने उन्हें रोका। बाद में पुलिस ने कुछ सदस्यों को माल्यार्पण करने की अनुमति दे दी।
Source: Jodhpur