Posted on

बालोतरा. नगरपरिषद उपसभापति को लेकर बुधवार को चुनाव हुए। उपसभापति चुनाव का रोचक मुकाबला हुआ। इसके लिए भाजपा, कांग्रेस व निर्दलीय प्रत्याशी ने आवेदन किया। निर्दलीय प्रत्याशी ने आवेदन पत्र वापिस लिया। इसके बाद हुए चुनाव में कांग्रेस व भाजपा के प्रत्याशी को 22-22 मत व एक नोटा को मत मिला।

इस पर एक बारगी भाजपा की हवाइयां उड़ गई तो कांग्रेस में खुशी की लहर छा गई, लेकिन लॉटरी से भाजपा प्रत्याशी के विजयी होने पर भाजपाइयों के चेहरों पर खुशी लौट आई।

नगर में बुधवार को उप सभापति पद के चुनाव हुए। सुबह 10 बजे नगर परिषद सभाकक्ष में उपखंड अधिकारी रोहित कुमार की मौजूदगी में नामांकन की प्रक्रिया प्रारंभ हुई। इसमें भाजपा से हेमलता माली, कांग्रेस से गोविंद जीनगर व निर्दलीय प्रत्याशी पूजा वैष्णव ने नामांकन पत्र प्रस्तुत किया। निर्दलीय प्रत्याशी पूजा वैष्णव ने अपना नामांकन पत्र वापिस लिया।

लॉटरी से भाजपा प्रत्याशी विजयी-

दोपहर बाद उप सभापति चुनाव को लेकर मतदान की प्रक्रिया प्रारंभ हुई। इसमें सबसे पहले कांग्रेस पार्षद मतदान करने पहुंचे। इनके मतदान कर लौटने के बाद पहुंचे भाजपा पार्षदों ने मतदान किया। करीब चार बजे हुई मतगणना पर भाजपा व कांग्रेस को 22- 22 मत व नोटा को एक मत मिला।

इस पर कांग्रेस में एक बार खुशी की लहर छा गई। कार्यकर्ताओं ने जिंदाबाद के नारे लगाते हुए जश्न मनाया। वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं में मायूसी छा गई, लेकिन इसके बाद निकाली लॉटरी में भाजपा प्रत्याशी हेमलता माली के विजयी होने पर भाजपाइयों के चेहरों पर खुशी लौट आई।

भाजपा की ओर से हुई क्रॉस वोटिंग-

नगर परिषद चुनाव में भाजपा के 25, कांग्रेस के 16 व निर्दलीय चार प्रत्याशी विजय हुए थे। मंगलवार को सभापति के हुए चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को 27 व कांग्रेस प्रत्याशी को 18 मत मिले। लेकिन बुधवार को सम्पन्न हुए उप सभापति चुनाव में भाजपा पार्षदों ने कांग्रेस के पक्ष में क्रॉस मतदान किया गया।

भाजपा उप सभापति प्रत्याशी को भाजपा सभापति प्रत्याशी से पांच मत कम मिले। भाजपा सभापति को 27 व उप सभापति प्रत्याशी को 22 मत मिले।

विजयी पर निकाला जुलूस-

सभापति सुमित्रा जैन व उप सभापति हेमलता माली के विजयी होने पर नगर में गाजे-बाजे से जुलूस निकाला गया। कार्यकर्ताओं, समर्थकों ने सभापति, उप सभापति व पार्षदों का माला पहना व पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। इसके बाद वाहन में बिठाकर नगर में जुलूस निकाला।

इसमें पूर्व मंत्री अमराराम चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश चौहान, भाजपा नगर अध्यक्ष अमराराम, गण्ेाश मूंढ, भाजपा व्यवसायिक प्रकोष्ठ प्रदेश संयोजक गणपत बांठिया, गोविंदसिंह कालूड़ी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व सदस्य मौजूद थे।

क्रॉस वोटिंग को लेकर भाजपा में मंथन शुरू-

नगर परिषद उप सभापति चुनाव में भाजपा पार्षदों की ओर से कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में क्रॉस वोटिंग के बाद भाजपा खेमे में खलबली मच गई।

देर शाम को केन्द्रीय कृषि व किसान राज्यमंत्री कैलाश चौधरी के सान्निध्य में पार्षदों व पार्टी पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें क्रॉस वोटिंग करने के कारणों को लेकर मंथन किया गया।

Source: Barmer News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *