Posted on

दिलीप दवे. बाड़मेर. पहले चयन का इंतजार और अब इनाम मिलने की उम्मीद सर्वश्रेष्ठ विद्यालयों के लिए कुछ लम्बी होती जा रही है। राज्य सरकार ने प्रदेश के 325 विद्यालयों का चयन तो कर दिया लेकिन पुरस्कार राशि पांच माह से देना ही भूल गई।

यह भी पढ़ें: कांगो में दी बाड़मेर के लाल ने शहादत, अब मिला यूएन मेडल

शिक्षा विभाग सर्वश्रेष्ठ राजकीय माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालय पुरस्कार योजना के तहत राज्य, जिला तथा ब्लॉक स्तर पर सर्वश्रेष्ठ स्कूलों का चयन कर पुरस्कृत करता है। शिक्षण सत्र 2020-21 में इस योजना के तहत ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर 24 मई 2022 को 325 विद्यालयों का चयन किया था। बाद में 13 सितंबर 2022 को ब्लॉक, जिला तथा राज्य स्तर पर चयनित स्कूलों की सूची जारी की गई। इसके बाद विभाग इन चयनित स्कूलों को पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र देना भूला बैठा है।

यह भी पढ़ें: कैसे होगी सिलाई, एक लाख बच्चों को बस कपड़ा ही तो मिला

योजना के तहत राज्य स्तर पर तीन माध्यमिक स्तर के तथा तीन उच्च माध्यमिक स्तर के यानि 6 श्रेष्ठ विद्यालयों को प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय पुरस्कार तथा प्रत्येक जिला स्तर पर माध्यमिक स्तर के एक तथा उच्च माध्यमिक स्तर के एक स्कूल का जिला स्तर पर पुरस्कृत करने के लिए चयन किया गया है। इसी तरह हर ब्लॉक से एक स्कूल को ब्लॉक स्तरीय पुरस्कार के लिए चयन किया है। वर्ष 2020-21 में कुल 251 श्रेष्ठ स्कूलों का चयन ब्लॉक स्तर पर किया गया है।
अंकों का निर्धारण
सर्वश्रेष्ठ विद्यालय के चयन को लेकर अंकों का निर्धारण किया हुआ है। दसवीं व बारहवीं के परीक्षा परिणाम के अनुसार पांच-पांच अंक, गुणात्मक परीक्षा परिणाम दसवीं व बारहवीं के पांच-पांच अंक, विद्यालय का सौंदर्यकरण दस अंक, छात्रवृत्ति योजना में विद्यार्थियों का चयन पांच अंक, नामांकन वृद्धि दस अंक, जन सहयोग दस अंक, सामुदायिक सहभागिता पन्द्रह अंक, अध्यापकों, विद्यार्थियों की ऑनलाइन, ऑफ लाइन गतिविधियां पन्द्रह अंक, विविध उपलिब्धयां, क्रियाकलाप एवं गतिविधियों के पन्द्रह अंक निर्धारित है। ऐसे में सौं अंकों के आधार पर सर्वश्रेष्ठ विद्यालय का चयन होता है।
50 लाख रुपए राशि
योजना के तहत राज्य स्तर पर प्रथम पुरस्कार दो स्कूलों को एक-एक लाख रुपए, द्वितीय दो स्कूलों को 75-75 हजार रुपए तथा तृतीय दो स्कूलों को 50-50 हजार रुपए दिए जाते हैं। जिला स्तर पर चयनित दो विद्यालयों को 25-25 हजार रुपए तथा ब्लॉक स्तर पर प्रत्येक विद्यालय को 10-10 हजार रुपए पुरस्कार के रूप में देने है। इस तरह कुल 50 लाख रुपए इस योजना में चयनित विद्यालयों को विकास के लिए दिए जाते। करीब 5 महीने बाद भी यह श्रेष्ठ 325 स्कूल राशि तो दूर प्रमाण पत्र के लिए भी तरस रहे है।
हमारा विद्यालय सर्वश्रेष्ठ, लेकिन नहीं मिला पुरस्कार हमारे विद्यालय राउमावि खड़ीन का रामसर ब्लॉक में सर्वश्रेष्ठ विद्यालय के रूप में चयन किया गया था। लेकिन इसकी पुरस्कार राशि आज दिन तक नहीं मिली है। – तनवीरसिंह डऊकिया, कार्यवाहक प्रधानाचार्य, राउमावि खड़ीन
अतिशीघ्र मिलनी चाहिए पुरस्कार राशि
सत्र 2020-21 के तहत ब्लॉक, जिला व राज्य स्तर पर चयनित विद्यालयों की सूची 13 सितंबर 2022 को जारी की गई थी। लेकिन विभिन्न स्तरों पर चयनित सर्वश्रेष्ठ विद्यालयों को प्रशस्ति पत्र व पुरस्कार राशि का भुगतान अभी तक नहीं किया गया है। सरकार चयनित विद्यालयों को पुरस्कार राशि का भुगतान अतिशीघ्र करे। – बसन्त कुमार जाणी, जिलाध्यक्ष, राजस्थान वरिष्ठ शिक्षक संघ, रेस्टा

फैक्ट फाइल

ये थी पुरस्कार राशि

राज्य स्तर पर प्रथम 1 लाख

राज्य स्तर पर द्वितीय 75 हजार

राज्य स्तर पर तृतीय 50 हजार

जिला स्तर पर 25 हजार

ब्लॉक स्तर पर 10 हजार

कुल राशि 50 लाख

Source: Barmer News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *