Posted on

जोधपुर।
पुलिस के चुनावी तैयारियों में व्यस्त होने के चलते चोरों के हौंसले बुलंद होने लगे हैं। दीपावली पर सक्रिय चोर गिरोह ने अलग-अलग क्षेत्रों में तीन सूने मकानों के ताले तोड़कर लाखों रुपए के सोने व चांदी के आभूषण व हजारों रुपए चुरा लिए।
डॉक्टर दिल्ली से लौटे तो चोरी हो चुके थे जेवर
देवनगर थानान्तर्गत चौहाबो सेक्टर 9 निवासी डॉ अनिल कुमार अरोड़ा 14 नवमबर को पत्नी के साथ दिल्ली गए थे। मकान में कोई नहीं था। वो दिल्ली से 16 नवम्बर को घर लौटे तो मुख्य दरवाजों के साथ ही कमरों के ताले भी टूटे हुए थे। दोनों अलमारियों के ताले भी टूटे पड़े थे और सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने अलमारियों के लॉकर से 50 हजार रुपए, सोने की दो अंगूठी, सोने के दो टोपस, सोने की दो चुडि़यां और चांदी के अनेक जेवर चुरा लिए। सीसीटीवी फुटेज में तड़के 3.15 बजे दो युवक नजर आए हैं। जो 3.29 बजे चोरी कर निकल गए थे।
दीपावली पर गांव से लौटे तो चोरी मिले जेवर
मूलत: सिवाना हाल चौहाबो निवासी महेन्द्र कुमार पुत्र सांवलदास वैष्णव गत 11 नवम्बर को परिवार सहित पैतृक गांव सिवाना गए थे। मकान में कोई नहीं था। गत 15 नवम्बर की शाम पड़ोसी ने मकान में चोरी की सूचना दी। इस पर वो जोधपुर लौटे। ताले व कूंदे टूटे हुए थे। मकान में सामान बिखरा पड़ा था। दो तोला सोने का नेकलेस, दो ग्राम सोने की कान की जोड़ी, 350 ग्राम चांदी के जेवर गायब थे। जो कोई चोर चुरा ले गए। चौहाबो थाने में चोरी का मामला दर्ज कराया गया है। कुड़ी भगतासनी थानान्तर्गत नवदुर्गा कॉलोनी निवासी सुरेन्द्रसिंह राजावत दीपावली के चलते गत 10 नवम्बर को परिवार सहित गांव गए थे। 16 नवम्बर को वो लौटे तो मकान के ताले टूटे हुए थे। चोरों ने 25 तोला चांदी, आधा तोला सोना व 90 हजार रुपए चुरा लिए।

Source: Jodhpur

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *