Posted on

Lok Sabha Election 2024 : केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री और जोधपुर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी गजेन्द्रसिंह शेखावत के शपथ पत्र में साफ हुआ कि उनकी कमाई से ज्यादा उनकी पत्नी की आय है। उन्होंने अपनी आय का स्रोत सांसद का वेतन ही बताया है। शेखावत की वार्षिक आय 11 लाख 10 हजार 370 रुपए पिछले वित्तीय वर्ष की दर्शाई गई है। उनकी पत्नी की वार्षिक आय 15 लाख 37 हजार 650 रुपए दर्शाई है। आय का साधन सांसद का वेतन बताया गया है। खास बात यह है कि पिछले चुनाव से इस बार में उनकी चल सम्पत्ति कम हुई है, लेकिन अचल सम्पत्ति बढ़ी है।

सोना-चांदी यथावत
केन्द्रीय मंत्री शेखावत व उनकी पत्नी के पास सोना-चांदी पांच साल से समान है। उनके खुद के पास 48 लाख रुपए मूल्य का सोना 750 ग्राम और चांदी 10 किलो करीब 7 लाख रुपए की है। पत्नी के पास 910 ग्राम सोने व आभूषण की कीमत 66 लाख रुपए है। वसीयत से 42 लाख के गहने भी हैं। 10 किलो चांदी 7 लाख मूल्य की है। पांच साल पहले भी यही स्थिति थी। विधानसभा चुनाव में पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने संजीवनी व अन्य कई मामलों में आपराधिक आरोप लगाए थे, लेकिन शपथ पत्र में शेखावत ने किसी भी आपराधिक मामले की जानकारी नहीं दी है। शेखावत के पास दो हथियार भी हैं।

नामांकन सभा के बाद कलक्ट्रेट तक निकाली रैली
इससे पहले जोधपुर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी गजेन्द्रसिंह शेखावत ने शनिवार को नामांकन दाखिल किया। भाजपा ने उन्हें तीसरी बार मैदान में उतारा है। पोलो मैदान में नामांकन सभा और इसके बाद कलक्ट्रेट तक रोड शो-रैली के जरिए शक्ति प्रदर्शन भी किया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी नामांकन के समय उनके साथ रहे। शेखावत ने नामांकन सभा से पहले शुभ मुहूर्त के हिसाब से अपना नामांकन पत्र दोपहर 12.15 बजे दाखिल किया। तब उनके परिवार के सदस्य व शहर विधायक अतुल भंसाली ही साथ रहे। इसके बाद वे सभा स्थल पहुंचे। यहां सीएम शर्मा सहित केबिनेट मंत्री व भाजपा नेताओं ने जीत का संकल्प लिया। यहां सभा को संबोधित करते हुए शेखावत ने कहा कि 2014 में जब से मोदी के नेतृत्व में केंद्र में सरकार बनी है, तब से गरीबों के जीवन में परिवर्तन आया है।

यह भी पढ़ें- जोधपुर में गरजे CM भजनलाल शर्मा, कहा- चुनाव लड़ने के लिए कांग्रेस को प्रत्याशी भी नहीं मिल रहे

Source: Jodhpur

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *