बाड़मेर. ट्रेनों का संचालन अभी तक बंद होने से रोडवेज बसों में यात्री बढऩे लगे हैं। बाड़मेर से रोडवेज की बसों का संचालन भी दो दिन पहले ही शुरू हुआ है। इसमें भी केवल जोधपुर व जैसलमेर के रूट पर ही बसें दौडऩी शुरू हुई है। जोधपुर रूट पर यात्रियों की बढ़ती संख्या के कारण अतिरिक्त बसों का संचालन भी किया जा रहा है।
रोडवेज का संचालन शुरू होने से बाड़मेर से जरूरी कार्य से अन्यत्र जाने वाले यात्रियों को काफी राहत मिली है। बाड़मेर-जोधपुर मार्ग पर सबसे अधिक यात्री मिल रहे हैं। हालांकि अभी तक जैसलमेर के अलावा यहां से जोधपुर का ही एक मार्ग खुला है। लगानी पड़ रही अतिरिक्त बसें
जोधपुर मार्ग पर बाड़मेर डिपो को नियमित के अलावा अतिरिक्त बसें भी चलानी पड़ रही है। रोजाना यात्रियोंं की संख्या बढ़ रही है। रोडवेज 20 से अधिक यात्री भार आने पर जोधपुर मार्ग पर बसों का संचालन कर रहा है। पिछले तीन दिनों से नियमित बसों के साथ रोजाना अतिरिक्त बसें भी जोधपुर जा रही है। रविवार को जोधपुर के लिए पांच बसें अतिरिक्त भेजी गई।
थर्मल जांच के बाद यात्रा की अनुमति
बाड़मेर से जाने वाली बसों में प्रवेश के वक्त सभी यात्रियों की थर्मल जांच हो रही है। तापमान अधिक होने पर संबंधित को यात्रा की अनुमति नहीं दी जाती है। वहीं यात्रियों की संख्या भी संख्या भी अब बसों में बढ़ गई है। हालांकि किसी भी यात्री को खड़े होकर बसों से यात्रा करने की अनुमति नहीं है।
यात्री को मास्क पहनना जरूरी
बसों में यात्रा करने वाले यात्रियों को मास्क जरूरी है। इसकी जांच का जिम्मा संबंधित परिचालक को दिया गया है। परिचालक मास्क नहीं होने की स्थिति में कपड़े से मुहं ढ़ककर यात्रा करवा रहे हैं।
बाड़मेर-जोधपुर मार्ग पर दो बसें आज से बढ़ेगी
जोधपुर के लिए बाड़मेर से दो बसें आज से और बढ़ जाएगी। यात्री भार को बढ़ते देख रोडवेज सोमवार से नियमित रूप से दो बसों का संचालन करेगा। बाड़मेर से सुबह 7.30 बजे तथा दोपहर 3 बजे बसें रवाना होगी।
हमें आगे जाना है
जरूरी पारिवारिक कार्य होने के कारण हमें घर जाना है। अब यहां से जोधपुर जाएंगे फिर वहां से स्पेशल ट्रेन से अपने घर के लिए रवाना होंगे। यहां से ट्रेन नहीं चल रही है, इसलिए जोधपुर तक तो बस से ही जाना पड़ेगा।
अरविंद सिंह, यात्री
—–
आज से दो बसें और
जोधपुर मार्ग पर अतिरिक्त बसें भी चला रहे हैं। रविवार से दो और बसों का नियमित संचालन भी शुरू किया जा रहा है। सभी यात्रियों की थर्मल जांच की जा रही है। किसी भी यात्री के जांच में तापमान अधिक होने पर उसे यात्रा की अनुमति नहीं दी जाएगी।
उमेश नागर, मुख्य प्रबंधक बाड़मेर आगार
Source: Barmer News