बाड़मेर. नेहरू युवा केंद्र बाड़मेर एवं युवा कार्यक्रम खेल विभाग भारत सरकार के तत्वावधान में आजादी का अमृत महोत्सव फिट इंडिया फ्रीडम रन 2.0 का आयोजन शनिवार को जिला कलेक्ट्रेट परिसर में किया गया।
जिला कलक्टर लोक बंधु ने फिट इंडिया की शपथ युवाओं को दिलाई। उन्होंने रैली समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि देश को आजाद हुए 75 वर्ष पूर्ण हो गए है, जिसका जश्न बड़ी धूमधाम से मनाया जा रहा है।
हमें उन सभी स्वतंत्रता सैनानियों के बलिदान व योगदान को हमेशा याद रखना चाहिए। फ्रीडम रन का मुख्य उद्देश्य लोगों में शारीरिक गतिविधि, दौड़, खेलकूद, योग आदि को जीवन में उतारने के प्रति जागरूकता पैदा करना है। उन्होंने अभियान से नागरिकों को आधा घंटा रोज शारीरिक गतिविधियों से जुडऩे का आह्वान किया। युवाओं ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का गायन किया। जिला कलक्टर ने हरी झंडी दिखाकर बैंड के साथ रैली को रवाना किया। रैली में नेहरू युवा केंद्र के युवा स्वयं सेवक, युवा मंडलों के सदस्य, स्कूल एवं कॉलेज के एनएसएस विद्यार्थी एवं एनसीसी केडेट्स ने भाग लिया।
रैली जिला कलेक्ट्रेट परिसर से रवाना होकर विवेकानंद चौराहा, रेलवे स्टेशन, सुभाष चौक होते हुए चौहटन चौराहा रेलवे क्रॉसिंग से पुन: नेहरू युवा केंद्र कार्यालय में पहुंचकर विसर्जित हुई। आजादी के अमृत महोत्सव के आयोजन पर जिला युवा अधिकारी सचिन पाटोदिया ने बताया कि 12 मार्च को आजादी के अमृत महोत्सव अभियान का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। इस अभियान के अंतर्गत देश के सभी 744 जिले में फिट इंडिया फ्रीडम का आयोजन जिला स्तर एवं 75 फिट इंडिया फ्रीडम रन का आयोजन ग्राम स्तर पर 13 अगस्त से 2 अक्टूबर 2021 तक किया जाएगा।
राजकीय महिला महाविद्यालय के प्राचार्य हुकमाराम सुथार, जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र शर्मा, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी जेतमाल सिंह, गांधी चौक स्कूल के प्राचार्य कमल सिंह महेचा, एनएसएस महिला प्रभारी सरिता, सामाजिक कार्यकर्ता नरेंद्र तनसुखानी, किशन लाल प्रजापत एवं राष्ट्रीय सेवा योजना एवं एनसीसी के छात्र- छात्रा उपस्थित रहे।
संचालन मुकेश व्यास वरिष्ठ अध्यापक ने किया। आभार अकाउंटेंट घेवर चंद ने किया।
Source: Barmer News