Posted on

Molesting accused arrested: रिश्ते में दादा ने रिश्तों को तार-तार कर दो मासूम पौत्रियों से छेड़छाड़ कर दी। दादा की हरकत से चार साल की छोटी बहन को दर्द होने लगा तो उसने मां को पूरी बात बताई। यह सुन 8 साल की बड़ी बहन ने भी कुछ दिन पहले दादा पर छेड़छाड़ करने की जानकारी दी। बच्चियों की मां ने वृद्ध काकी ससुर के खिलाफ मामला दर्ज कराया।

पुलिस के अनुसार एक महिला की शिकायत पर आठ व चार साल की मासूम पुत्रियों से छेड़छाड़ करने के संबंध में काकी ससुर के खिलाफ बलात्कार व पोक्सो की धाराओं में मामला दर्ज किया गया। जांच महिला अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त कर रही हैं। पीडि़ताओं के बयान दर्ज करने के साथ ही मेडिकल कराया गया है। आरोपी वृद्ध को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। महिला का आरोप है कि गत 15 मई को आरोपी वृद्ध उसके घर आया था। वह नहा रही थी। चार वर्षीय पुत्री घर में थी। आरोपी ने मौका पाकर मासूम पुत्री से छेड़छाड़ की। फिर वो वहां से चला गया। कुछ देर बाद महिला नहाकर आई तो बच्ची ने दर्द होने की शिकायत की। कारण पूछने पर उसने दादा की हरकत के बारे में बताया।

पहले भी कर चुका छेड़छाड़
बच्ची का आरोप था कि दादा पहले भी चार-पांच बार ऐसी ही हरकत कर चुका है। वहां मौजूद आठ साल की बड़ी पुत्री ने मां को बताया कि दादा ने उसके साथ भी कुछ समय पहले छेड़छाड़ की थी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पीडि़ताओं के बयान दर्ज करने के साथ ही वृद्ध दादा को गिरफ्तार कर लिया गया। वह बाल वाहिनी चालक है।

घरवालों ने घरेलू मामला बताया, मां पहुंची थाने
दोनों मासूम बच्चियों से छेड़छाड़ का पता लगते ही मां घबरा गई। उसने पति व सास को अवगत कराया, लेकिन उन्होंने परिवार का मामला बताकर कानूनी कार्रवाई करने से मना कर दिया। महिला ने मामला दर्ज करवाने पर बल दिया तो उन्होंने सहयोग न करने की नसीहत दी। तब महिला अपने पीहर गई और मां को साथ लेकर थाने पहुंची व मामला दर्ज कराया।

Source: Jodhpur

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *