Posted on

बालोतरा. सिवाना कस्बे में एक दिन पूर्व भूखंड विवाद को लेकर आपसी रंजिश में दिनदहाड़े फायरिंग कर एक युवक की हत्या व एक युवक के घायल करने के दूसरे दिन पुलिस हाथ-पांव मारती रही, लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी। पुलिस की आधा दर्जन से अधिक टीमें आरोपी की धरपकड़ में लगी रही।

घटना को 24 घंटे से अधिक का समय बीत गया, लेकिन अब तक पुलिस के हाथ एक भी आरोपी नहीं लगा। पुलिस ने पूरे दिन करीब एक दर्जन से अधिक संदिग्ध व दो-तीन नामजद लोगों से पूछताछ की। इसमें पुलिस को आरोपियों के बारे में महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं।

गौरतलब है कि 31 दिसम्बर दोपहर करीब 1 बजे सिवाना कस्बे के पेट्रोल पंप के पास गाड़ी के टायर का पंक्चर बना रहे दो युवकों पर एक दर्जन से अधिक बदमाशों ने हमला कर दिया। उन्होंने छोटूसिंह उर्फकानसिंह (24) पुत्र गणपतसिंह निवासी गुड़ानाल व मालमसिंह पुत्र आमसिंह राजपूत निवासी मिठौड़ा पर फायरिंग कर दी।

गोलियां लगने से दोनों घायल होकर वहीं गिर गए। इसके बाद हमलावरों ने लाठियों से मारपीट कर भाग गए। इसके बाद लोगों ने दोनों घायलों को सिवाना कस्बे के अस्पताल पहुंचाया। जहां से दोनों को बालोतरा रैफर किया था। इस दौरान छोटूसिंह ने रास्ते में दम तोड़ दिया व मालमसिंह निवासी मिठौड़ा को अस्पताल में भर्ती किया गया।

घटना के बाद मृतक के पिता ने पृथ्वीसिंह राजपूत निवासी पीपलून समेत 11 जनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करवाया।

दोनों पक्षों में लंबे से था विवाद

मालमसिंह निवासी मिठौड़ा व पृथ्वीसिंह निवासी पीपलून के फाइनेंस, जमीन व्यापार, शराब ठेके संचालन का कारोबार है। पिछले काफी समय से दोनों के बीच सिवाना कस्बे में स्थित एक भूखंड को लेकर रंजिश चल रही थी। दोनों गुटों के लोगों के बीच कई बार मारपीट, वाहनों को टक्कर मारने, जानलेवा हमले करने की घटनाएं हो चुकी हैं।

हर घटना को एक-दूसरे गुट के लोगों ने बदला लेने के लिए अंजाम दिया। दोनों गुटों के कई लोग घायल हो चुके हैं। सिवाना पुलिसथाने में दोनों पक्षों के विवादों को लेकर पूर्व में 3-4 मामले दर्ज हैं।

सवा साल पूर्व छोटू ने पृथ्वी पर किया था हमला

सिवाना कस्बे में पादरू रोड पर 25 सितम्बर 2018 को छोटूसिंह उर्फ कानसिंह राजपूत निवासी गुड़ानाल समेत आधा दर्जन ने शाम को पृथ्वीसिंह की गाड़ी को टक्कर मारी। इसके बाद लाठियों, सरियों से हमला किया। इसमें पृथ्वीसिंह गंभीर घायल हो गया।

इसके बाद काफी दिन तक पृथ्वीसिंह अस्पताल में भर्ती रहा था। इस मामले में पुलिस ने छोटूसिंह उर्फ कानसिंह व हरीसिंह को गिरफ्तार किया था। इसके बाद छोटूसिंह को जेल भिजवाया गया।

पूछताछ की जा रही है

युवक की हत्या के मामले में संदिग्ध व नामजद लोगों से पूछताछ की जा रही है। दोनों पक्षों में आपसी रंजिश थी। पूर्व में कई मामले दर्ज है।
– नरपतसिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बालोतरा

Source: Barmer News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *