जोधपुर. कड़ाके की सर्दी के चलते पूरे प्रदेश में जनजीवन अस्त व्यस्त है। लगातार ठंडी उत्तरी हवाएं बह रही है। बीती रात हिमाचल प्रदेश में पहली बर्फबारी के बाद हवाएं और अधिक बर्फीली हो गई। इससे जोधपुर शहर में न्यूनतम तापमान लुढ़ककर 7.8 डिग्री पर आ गया जो इस सीजन की सबसे ठंडी रात रही। इससे पहले पांच जनवरी को जोधपुर में पारा 7.6 डिग्री पर पहुंच गया था। पिछले तीन दिनों से हवाएं 2 से 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही है जिसकी वजह से धूप में भी कम्पकपी महसूस हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक ऐसा शुष्क सर्द मौसम बना रहेगा।
सूर्यनगरी में बुधवार को न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री और अधिकतम 22.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वातावरण में अधिकतम आपेक्षिक आर्द्रता 92 फीसदी और न्यूनतम 52 फीसदी रही। तेज हवा और ऊपर से नमी युक्त वातावरण के कारण सर्दी का असर बढ़ गया। बीती रात भी ओंस गिरी थी। रात को सोकर सुबह उठे लोगाें के घर के बाहर रखे वाहन ओंस में भीग गए। खुले में रखा सामान भी नमीयुक्त हो गया। बाहर सूख रहे कपड़े भी गीले जैसे हो गए। दिन में चटख धूप के चलते कुछ आराम रहा लेकिन शाम ढलने के बाद हवाओं के फिर से प्रभावी होने से तेज सर्दी शुरू हो गई।
गांवों में घना कोहरा, 10 फुट बाद दिखाई देना बंद
शहर में आज हल्का कोहरा छाया रहा लेकिन गांवों में घना कोहरा रहा। सुबह 7 बजे से 8 बजे के मध्य आसपास के ग्रामीण इलाकों में कोहरे की वजह से विजिबिलिटी बहुूत कम रह गई। सामने सफेद चादर जैसी दीवार आ जाने से 10 फुट बाद दिखाई देना बंद हो गया। कइयों को अपने वाहन साइड में रोकने पड़े। ऐसी िस्थति हाई-वे पर एक घंटे तक रही। इसके बाद भी लाइटें लगाकर वाहन चलाने पड़े।
दूध पीने के लिए उमड़ रहे लोग
सर्दी बढ़ने के साथ शहर में गर्मागर्म व्यंजन का सेवन बढ़ गया है। दूध पीने के शहर के प्रमुख चौराहों पर कड़ाव पर शहरवासियों की भीड़ उमड़ रही है। रात 8 बजे से 11 बजे तक लोग दूध पीने के लिए आ रहे हैं। इसके अलावा हल्की और दाल के बड़े भी बहुत चाव से घरों में बनाए जा रहे हैं।
Source: Jodhpur