बाड़मेर. कोरोना का संक्रमण लगातार बढऩे से अस्पताल में भर्ती मरीजों की संख्या में भी लगातार वृद्धि हो रही है। बाड़मेर जिला अस्पताल में बढ़ते संक्रमित मरीजों के कारण कोरोना वार्ड का दायरे को भी बढ़ाना पड़ रहा है। अस्पताल की ग्राउंड फ्लोर के आइसीयू व पास के वार्ड में अब कोरोना संक्रमित भर्ती है। इसके अलावा भी बढऩे की आशंका के मद्देनजर अस्पताल में व्यवस्थाएं बढ़ाई जा रही है।
पिछले कुछ दिनों से पॉजिटिव मरीजों की संख्या कुछ नियंत्रित हो रही थी। लेकिन अब फिर से बाड़मेर शहर में संक्रमितों के अधिक मिलने का सिलसिला शुरू हो गया है। इसमें भी कोरोना के गंभीर लक्षण है, ऐसे मरीजों को कभी भी ऑक्सीजन व अन्य चिकित्सकीय सुविधाओं के चलते अस्पताल में भर्ती करना पड़ रहा है।
अस्पताल में पॉजिटिव मरीजों की बढ़ती संख्या बनी चिंता
जिला अस्पताल में बढ़ती पॉजिटिव की संख्या चिकित्सा प्रबंधन के लिए चिंता बनती जा रही है। यहां पर पूर्व मेंं अधिकतम 25-30 मरीजों के भर्ती करने की व्यवस्था थी। अब यहां पर 40-50 के बीच संक्रमित मरीज भर्ती है। इनमें अधिकांश ऐसे हैं, जिन्हें ऑक्सीजन की जरूरत है। ऐसे में प्रत्येक बैड पर ऑक्सीजन सिलेंडर लगाया गया है।
कोविड-19 आइसीयू फुल
अस्पताल का कोविड-19 आइसीयू लगातार फुल चल रहा है। यहां पर 6 बैड है। यहां पर अति गंभीर मरीजों को रखा जा रहा है। यहां बैड पिछले कुछ दिनों से खाली ही नहीं हो रहे हैं। मरीज को स्वस्थ होने पर आइसीयू से वार्ड में शिफ्ट किया जाता है तो यहां भर्ती होने वाला गंभीर संक्रमित लाइन में ही लगा होता है। कोरोना वार्ड और आइसीयू के अलावा कॉटेज वार्ड में भी संक्रमित भर्ती है।
कोरोना वार्ड का बढ़ता दायरा
अस्पताल में संक्रमितों की संख्या बढऩे के कारण कोरोना वार्ड भी लगातार बढ़ता जा रहा है। पहले परिसर में एक वार्ड में संक्रमित भर्ती थे। अब मरीजों के लगातार सामने आने पर वार्ड का दायरा बढ़ाया जा रहा है। पिछले 3-4 दिनों से बाड़मेर पीएमओ क्षेत्र से संक्रमित सबसे ज्यादा बढ़े हैं।
Source: Barmer News