जोधपुर.
पुलिस स्टेशन रातानाडा के सामने मकान की प्रथम मंजिल पर रसोई में शुक्रवार रात एक महिला ने फंदा लगाकर जान दे दी। आत्महत्या का कारण पता नहीं लग पाया।
पुलिस के अनुसार रातानाडा निवासी रचना (३६) पत्नी पुरुषोत्तम राठी ने देर शाम प्रथम मंजिल पर कमरे के साथ अटैच रसोई में चुन्नी से फंदा लगा लिया। पति किसी काम से बाजार गए हुए थे। उन्होंने पत्नी को फोन लगाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। तब पिता ने पुत्र को फोन कर मां से बात कराने भेजा। पुत्र प्रथम मंजिल पर कमरे में गया, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था। पुत्र ने साइड की गैलरी में एक अन्य दरवाजे को धक्का देकर खोला और अंदर प्रवेश किया, जहां रसोई में मां चुन्नी से फंदे पर लटकी मिली। उसके चिल्लाने पर भूतल से अन्य परिजन वहां आए। पुरुषोत्तम भी बाजार से घर लौट आए। फंदे से नीचे उतारकर उसे महात्मा गांधी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी। उप निरीक्षक गिरधारीसिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल सील किया। शव मोर्चरी में रखवाया गया है। आत्महत्या का कारण पता नहीं लग पाया है।
Source: Jodhpur