बाड़मेर. थार में गर्मी का सितम पिछले दो दिनों से 44 डिग्री के ऊपर कहर बना हुआ है। गर्मी के रोद्र रूप के साथ शुक्रवार को दिन में 10-12 किमी प्रतिघंटा चली तेज हवा के कारण आसमान में धूल उड़ती रही। लोग धूल-मिट्टी से परेशान दिखे। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने शनिवार को बाड़मेर सहित कुछ जिलों में तेज हीटवेव की चेतावनी देते हुए रेड अलर्ट जारी किया है।
बाड़मेर में सुबह से मौसम कुछ बदला-बदला दिखा। हवा का रूख काफी तेज था। इस बीच दोपहर करीब 11 बजे आसमान में धूल का गुबार देखा गया और माहौल में मिट्टी उडऩे लगी। जैसे आंधी का दौर शुरू हो गया। सुबह से चला यह सिलसिला शाम को जाकर थमा। पूरे दिन लोग आंधी से परेशान दिखे।
सतह से चली हवा
मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार शुक्रवार और शनिवार को सतह से चलने वाली तेज हवा का दौर जारी रहेगा। सतह से चली हवा के कारण लोग धूल-मिट्टी उडऩे से बेहाल रहे। इससे राहगीर और वाहन चालक दिनभर परेशान दिखे।
बाड़मेर के लिए गर्मी का रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने शनिवार को गर्मी को लेकर बाड़मेर के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं 10 से 12 अप्रेल तक ऑरेंज अलर्ट रहेगा। इसके चलते गर्मी अपना रोद्र रूप दिखाएगी।
डॉक्टर की सलाह…
हीटवेव चलने के कारण लू लगने का खतरा बढ़ रहा है। तेज धूप में बाहर नहीं निकलें और जरूरी हो तो बचाव करके ही जाएं। पानी की कमी नहीं होने दें। पेय पदार्थ और पानी कुछ अंतराल से पीते रहे। तेज गर्मी में पेट संबंधी बीमारियां बढ़ रही है। इसलिए खान-पान पर ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है।
Source: Barmer News