बालोतरा. नगर में ओवरब्रिज निर्माण से यातायात व्यवस्था पहले से ही बिगड़ी हुई है। इस पर नगर के प्रमुख मार्गों पर संचालित अस्थाई बस स्टैण्ड से राहगीर व वाहन चालक राहत को तरस गए हैं। इन अस्थाई बस स्टैण्डों पर हर दिन हजारों राहगीरों, वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ती हैं, वहीं इससे हादसे होते है।
उपखंड व पुलिस प्रशासन के संचालकों के खिलाफ कार्रवाई कर इन्हें रोडवेज के केन्द्रीय बस स्टैण्ड से बसें संचालित करने के लिए पाबंद नहीं करने से आमजन में रोष है।
नगर में चार माह से चल रहे ओवरब्रिज निर्माण से यातायात व्यवस्था चरमराई हुई है। जोधपुर रोड, जसोल रोड, रेलवे प्रथम व दूसरे फाटक के प्रमुख मार्ग पर जारी निर्माण से शहर के एक से दूसरे भाग की ओर आने जाने को लेकर हर दिन हजारों जनों को परेशानी उठानी पड़ती है।
हर पांच-दस मिनट बाद लगने वाले जाम के चलते इन मार्गों से राहगीरों के लिए पैदल गुजरना मुश्किल हो गया है। इस पर पहले की तरह आज भी नगर के प्रमुख मार्गों के किनारे संचालित हो रहे अस्थाई व अवैध बस स्टैण्ड बिगड़ी यातायात व्यवस्था में कोढ़ में खाज साबित हो रहे हैं। सवारियों के इंतजार में मार्ग के किनारे घंटों बसें खड़ी रहती है।
सड़क किनारे खड़ी बसों के इर्द-गिर्द खोमचे, हाथ ठेले खड़े रहने यातायात व्यवस्था बुरी तरह से चरमरा जाती है। इससे राहगीरों, वाहन चालकों को जहां बड़ी परेशानी उठानी पड़ती हैं, वहीं हादसों में लोग चोटिल होते हैं। अब तक दर्जनों जने चोटिल हो चुके हैं।
इससे परेशान लोग कई बार प्रशासन व पुलिस से इन अस्थाई व अवैध बस स्टैण्ड हटाने की मांग कर चुके हैं। नगर के जोधपुर रोड स्थित रोडवेज के केन्द्रीय बस स्टैण्ड से निजी बसों का संचालन शुरू करवाकर समस्या का स्थाई समाधान किया जा सकता है।
एक ही स्थान से सभी मार्गों की बसों का संचालन होने से यात्रियों को भी अच्छी सुविधा मिलेगी। लेकिन प्रशासन है कि इस सबंध में कोई कार्यवाही या पहल नहीं कर रहा है। इससे आमजन में अधिक रोष है।
व्यवस्था में करें सुधार
नगर में ओवरब्रिज निर्माण से यातायात व्यवस्था पहले से ही बुरी तरह बिगड़ी हुई है। इस पर प्रमुख मार्गों पर अस्थाई निजी बस स्टैण्ड संचालित होने से हर दिन लोगों को बड़ी परेशानी उठानी पड़ती है। प्रशासन अवैध बस स्टैण्ड संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर व्यवस्था में सुधार करें।
– रमेश प्रजापत
नहीं होती कार्रवाई
नगर में आज भी पहले के वर्षों की तरह प्रमुख मार्गों से अस्थाई व अवैध बस स्टैण्ड संचालित हो रहे हंैं। प्रशासन व पुलिस हर बार इनके खिलाफ कार्रवाई की बात कहता है, लेकिन करता नहीं है। प्रशासन जनहित में कार्रवाई कर इनका संचालन किसी निश्चित स्थान से करवाएं।
– दिनेश माली
[MORE_ADVERTISE1]
Source: Barmer News